न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड हाई कोर्ट ने राज्य सरकार के 11वीं से 13वीं JPSC परीक्षाओं और नियुक्तियों को रद्द करने के आदेश पर रोक लगा दी है. कोर्ट के इस फैसले से एक ओर जहां हजारों चयनित कर्मचारियों के चेहरे पर वापस खुशी लौट आई, तो वहीं दूसरी ओर परीक्षा में धांधली के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्र इससे नाखुश नजर आ रहे हैं. इसी बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की प्रातिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा, "मैं हाई कोर्ट के आदेश का सम्मान करता हूं, मुझे भरोसा है कि हाई कोर्ट न्याय करेगा" साथ ही उन्होंने सरकार पर छात्रों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है.
झारखंड हाई कोर्ट के फैसले पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि मुझे भरोसा है कि हाई कोर्ट उस मुद्दे पर न्याय करेगा जिसके लिए हम पेपर लीक और झारखंड में हो रही गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध कर रहे थे. ये चीजें लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही हैं. जब हाई कोर्ट ने सरकार को मौका दिया था, तो एडवोकेट जनरल कोर्ट क्यों नहीं पहुंचे? सरकार की तरफ से पेश वकील ने CID जांच रिपोर्ट को ठीक से क्यों नहीं रखा? इससे ऐसा लगता है कि सरकार मामले को दबाना चाहती है. अगर सरकार धोखा देती है या मामले को दबाने की कोशिश करती है, तो छात्रों का शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा. हम धोखा बर्दाश्त नहीं करेंगे.
इसे भी पढ़ें: रांची: झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, FIR दर्ज