रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क : पश्चिमी सिंहभूम के सोनुवा प्रखंड कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण को लेकर एक विवाद सामने आया है। प्रखंड प्रमुख नंदिनी सोय का आरोप है कि बीडीओ सोमनाथ उरांव ने उन्हें बुलाकर अंतिम समय में झंडोत्तोलन करने से मना कर दिया और खुद झंडा फहरा दिया.
प्रमुख नंदिनी सोय के मुताबिक 14 अगस्त को बीडीओ की ओर से पत्र भेजकर उन्हें 15 अगस्त की सुबह 9 बजे प्रखंड कार्यालय में ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित किया गया था. आमंत्रण पर वह तय समय से पहले ही प्रमुख कार्यालय पहुंच गई थीं, लेकिन ध्वजारोहण के समय बीडीओ ने उन्हें रोक दिया और कहा कि ऊपर से निर्देश है, इसलिए ध्वजारोहण वे ही करेंगे. इसके बाद बीडीओ ने स्वयं तिरंगा फहराया. इस अचानक हुए घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए. प्रमुख नंदिनी सोय ने कहा कि मुझे विधिवत रूप से बकायदा पत्र भेजकर ध्वजारोहण करने के लिए आमंत्रित किया गया था. इसके बावजूद ध्वजारोहण के वक्त रोक दिया गया. राष्ट्रीय पर्व के दिन इस तरह का व्यवहार अपमानजनक है. मैं खुद को अपमानित महसूस कर रही हूं. उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों से करूंगी. इधर, इस घटना के बाद से प्रखंड में चर्चा है कि सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के सम्मान को लेकर प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश देने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें: देवघर: तीसरी सोमवारी पर बाबा धाम में आस्था का सैलाब, सुबह 4:15 बजे से हो रहा जलार्पण