केसरीनाथ यादव/न्यूज11 भारत
नाला/डेस्क: नाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है. विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो के प्रयास से क्षेत्र की चार सड़कों के पथ निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है. इन सड़कों के निर्माण से नाला, फतेहपुर और कुंडहित प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत चार सड़कों की कुल लंबाई 18.10 किलोमीटर है. इनमें नाला प्रखंड की दो महत्वपूर्ण सड़कों को शामिल किया गया है. पहली सड़क बिंदापाथर से गेडिया तब पथ निर्माण कार्य है, जिसकी लंबाई 7.500 किलोमीटर है. वहीं दूसरी सड़क घोड़ादाहा से सालकुंडा भाया तुरुकुटी तक पथ निर्माण कार्य है, जिसकी लंबाई 5.200 किलोमीटर है.
इसके अलावा फतेहपुर प्रखंड में बेलेबोरोई मोड़ से मुख्य पथ भाया लकड़टांगा पथ निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई है. इस सड़क की लंबाई 2.100 किलोमीटर है. वहीं कुंडहित प्रखंड में कटना से मंगरायडीह तक पथ निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी लंबाई 3.300 किलोमीटर है. ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जाती हैं. लंबे समय से बेहतर सड़क की आवश्यकता महसूस कर रहे ग्रामीणों को इन योजनाओं के स्वीकृत होने से राहत मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों के निर्माण से गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिलेगा और बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या भी कम होगी. वहीं सड़क निर्माण से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने तथा जनसुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होने की संभावना है. चारों सड़कों की प्रशासनिक स्वीकृति को नाला विधानसभा क्षेत्र के सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: बाइक चोरी गिरोह का खुलासा, दो आरोपियों की सरायकेला पुलिस ने किया गिरफ्तार