Dumri MLA Jairam Mahto

डुमरी विधायक जयराम महतो का पलामू दौरा, हुसैनाबाद में कार्यकर्ताओं में भरा जोश

बोले— अब पुरानी राजनीति को अलविदा कहने का समय आ गया है

By : Ark Sahuliyar
डुमरी विधायक जयराम महतो का पलामू दौरा, हुसैनाबाद में कार्यकर्ताओं में भरा जोश

न्यूज़11 भारत 
पलामू/डेस्क:
पलामू के हुसैनाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 26 वर्षों में यहां के राजनेताओं, बड़े अधिकारियों और कॉर्पोरेट घरानों ने झारखंड को इस हद तक लूटा है कि आज यहां के लोग बेबस होकर भुखमरी और पलायन का शिकार हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि एम.ए., एम.स्क., बी.टेक, एम.टेक और पीएच.डी. जैसी उच्च डिग्रियां हासिल करने के बाद भी झारखंड के नौजवानों को अन्य राज्यों में जाकर दिहाड़ी मजदूरी और प्रवासी मजदूर का जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

जयराम महतो ने आह्वान किया कि अब समय आ गया है कि पुराने राजनीतिक घरानों और पुराने पैटर्न पर राजनीति करने वालों को झारखंड की राजनीति से पूरी तरह दूर किया जाए. उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या झारखंड का नौजवान और बुजुर्ग इस नई पीढ़ी को नया झारखंड बनाने के लिए आशीर्वाद देने को तैयार हैं?

विपक्ष और अन्य दलों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, भाजपा, आजसू और राजद जैसे दलों के विपरीत उनके विधायक बने अभी सिर्फ दो साल हुए हैं. उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यदि उन्हें कोई सोने का मुकुट या कोहिनूर हीरा भी लाकर दे, तो वे उसे जनता को दान कर देंगे. उन्होंने अपनी सादगी का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार से झारखंड तक कई मंत्री, सांसद और मुख्यमंत्री आए होंगे, लेकिन हुसैनाबाद की धरती पर पहली बार कोई विधायक टी-शर्ट, ट्राउजर और खाली पांव माटी से जुड़कर आया है और यही विश्वास जनता के लिए काफी है.