संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के पांडू प्रखंड के मुसीखाप गांव में बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया. इस अवसर पर गांव में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी विकास दुबे शामिल हुए और लोगों को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी. उन्होंने पैगंबर हजरत मुहम्मद की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में प्रेम, शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की.
पर्व के अवसर पर मुसीखाप गांव में भव्य जुलूस निकाला गया. जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. धार्मिक नारों के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा. जुलूस के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.
जुलूस के बाद जामा मस्जिद, मुसीखाप में मिलाद, नात और तकरीर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बच्चों ने नात शरीफ प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया. बच्चों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा. उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया.
तकरीर के दौरान वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मुहम्मद के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने लोगों से सच्चाई, इंसाफ, दया, प्रेम और भाईचारे के रास्ते पर चलने की अपील की. वक्ताओं ने कहा कि समाज में अमन-चैन और आपसी सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी. साथ ही देश और समाज की खुशहाली, अमन-चैन एवं तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई.
मौके पर पांडू थाना के एएसआई अनुज कुमार, देवेंद्र पाण्डेय, अरविंद सिंह, अवधेश सिंह, बुद्धि पासवान, तौहीद आलम, गुलाम याहिया, मो. आलेरसूल, ईरसाद आलम, मौजम्मिल, कुतबुद्दीन, आफताब आलम, इलहाक अंसारी, इजहार अंसारी और ज्याउलहक समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: हैदरनगर में ड्यूटी के दौरान रेलवे फाटक के गेटमैन से मारपीट, कनपटी पर डंडे से हमला