पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा प्रखंड क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में रविवार को गुमला उत्पाद विभाग की टीम ने प्रभारी अवर निरीक्षक उत्पाद विकास कुमार निराला के नेतृत्व में घाघरा देवी मंडप रोड क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया.
उत्पाद विभाग की टीम ने क्षेत्र के तीन अलग-अलग घरों में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 12 लीटर अवैध रूप से निर्मित महुआ शराब बरामद की गई. वहीं शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए करीब 40 किलो जावा महुआ को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त तीन लोगों को पकड़ा गया. सभी को उत्पाद कार्यालय लाया गया, जहां विभागीय प्रक्रिया के तहत फाइन की कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. विभाग ने संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा अवैध शराब निर्माण या बिक्री करते पकड़े जाने पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग के पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे. उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: पत्रकार विद्या शर्मा की पत्नी रागनी शर्मा का असामयिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर