न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: वासेपुर आरा मोड़ के पास कल शनिवार देर रात फल और ड्राईफ्रूट की दुकान में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि इसने पास की एक और दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में दोनों दुकानों में रखा करीब पांच लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया.

यह घटना वासेपुर आरा मोड़ स्थित वसीम फल वाला की दुकान पर हुई. शनिवार देर रात दुकान बंद थी, तभी उसमें से आग की लपटें उठने लगीं. आसपास के लोगों ने तुरंत दुकानदार और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, आग बुझने तक दोनों दुकानों में रखे फल, ड्राईफ्रूट और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे. दुकानदार के मुताबिक, इस अग्निकांड में उन्हें पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण बताया जा रहा है. आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा.
इसे भी पढ़ें: दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, तीन वाहनों में टक्कर; 30 फीट गहरी खाई में गिरी ट्रक, दो की मौत