प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड के परसा गांव स्थित खेल मैदान में आयोजित पांच दिवसीय कैश मनी प्राइज फुटबॉल टूर्नामेंट का उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ किया गया.टूर्नामेंट का उद्घाटन भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से मैदान के बीच फीता काटकर किया.इसके बाद थाना प्रभारी एवं अतिथियों ने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर परसा गांव के लोगों द्वारा इस तरह के फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन करना काफी सराहनीय पहल है.ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उसे निखारने का अवसर मिलता है.उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन,टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का लगातार आयोजन होने से युवाओं को बेहतर मंच मिल सकता है.टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच गौरव स्पोर्ट्स भरनो बनाम नगर स्पॉटिंग क्लब के बीच खेला गया. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मनोरंजन किया.रोमांचक मुकाबले में नगर स्पॉटिंग क्लब ने गौरव स्पोर्ट्स भरनो को तीन गोल से पराजित कर जीत दर्ज की.वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष मीर आरिफ ने बताया कि पांच दिवसीय इस फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं.प्रतियोगिता के विजेता टीम को 50 हजार रुपये नगद राशि एवं आकर्षक शील्ड,जबकि उपविजेता टीम को 30 हजार रुपये नगद एवं शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा.
इसके अलावा प्रतियोगिता में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी 8-8 हजार रुपये नगद राशि प्रदान की जाएगी.आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में काफी उत्साह है. ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अपनी फुटबॉल प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल रहा है. आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.मौके पर मीर आरिफ,मीर मंजूर,साफिल फरास,शंकर उरांव,मीर अनवर,मीर जुलफान,चंगेज खान,कपिल गोप,मंगरा उरांव,मीर गुलजार,जाबू फरास सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं काफी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: चंदवा के युवा चिकित्सक डॉ. कौशल कुमार का रांची में उत्कृष्ट कार्य, निःशुल्क चिकित्सा सेवा के लिए हुआ सम्मान