विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: त्योहार के पहले मिलावटी और बासी मिठाई बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. रक्षाबंधन के मद्देनजर बरही बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्वेता त्रिपाठी ने अपने टीम के साथ औचक निरीक्षण अभियान चलाया.
निरीक्षण के दौरान टीम ने बरही थाना क्षेत्र के धनबाद रोड पर स्थित कई मिठाई दुकानों और होटलों की जांच की. इस दौरान धनबाद रोड स्थित कामधेनु होटल सहित अन्य दुकानों में रखी फफूंद लगी और खराब मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया. अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत भी दी. वहीं धनबाद रोड, बरही बाजार स्थित सुरेंद्र होटल में रखी मिठाइयों की जांच की गई. जांच में वहां रखी लगभग सभी मिठाइयां खाने योग्य पाई गईं.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और निर्माण तिथि अवश्य जांचें. कहीं भी खराब या मिलावटी सामान बेचते पाए जाने पर तुरंत विभाग को सूचना दें. इस औचक निरीक्षण से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें: ऑपरेशन नवजीवन-III में चार नक्सलियों का आत्मसमर्पण, AK-47 समेत हथियार व 2200 से अधिक कारतूस बरामद