न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची पुलिस को मोबाइल टावरों में चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. यह गैंग टावरों में लगे लाखों रुपये के महंगे उपकरणों को चोरी कर उसे कबाड़ी में बेचा करते थे. मामले में मास्टर माइंड पूर्व जियो साइट मैनेजर समेत 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लाखों रुपये के टावर उपकरण और बलेनो कार जब्त किये गए हैं. यह गिरोह रांची के कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था. तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने उक्त कार्रवाई की है.
जियो साइट मैनेजर का नाम तौफिक अंसारी बताया गया है. तौफिक पहले जियो कंपनी में साइट मैनेजर के रूप में काम करता था. इस कारण उसे टावरों में लगे महंगे उपकरणों की पूरी जानकारी थी. इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों अकमल अंसारी और मुबारक अंसारी के साथ मिलकर कई मोबाइल टावरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी के बाद सभी उपकरण कांके क्षेत्र के एक कबाड़ी गौरी कुमार को बेच दिए जाते थे. पुलिस ने कबाड़ी वाले को भी गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार इस गिरोह की गिरफ्तारी से रांची जिले के चान्हों,कांके, पिठौरिया, अनगड़ा,ओरमांझी, मांडर, बेड़ो, इटकी,ठाकुरगांव, खलारी, बुढ़मू, रातू समेत 33 टावर चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है.
इसे भी पढ़ें: चाईबासा: भतीजे की पत्नी से प्रेम-प्रसंग, राज खुलने पर चाचा ने की भतीजे की हत्या, बहू संग फरार