न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शनिवार को कड़े सुरक्षा घेरे में चाईबासा जेल से लाकर पलामू व्यवहार न्यायालय के एडीजे-08 के कोर्ट में पेश की गईं. उनके अधिवक्ता चितरंजन पांडेय के अनुसार, यह पेशी वर्ष 2018-19 में पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में हुई एक फायरिंग की घटना से जुड़े मामले (एसटी नंबर 255/2019) में दर्ज बयान के सिलसिले में हुई थी. इस मामले में सुजीत सिन्हा और रिया सिन्हा सहित कई लोग आरोपी बनाए गए थे, और कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद उन्हें पुनः चाईबासा जेल वापस भेज दिया गया.
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर रहे सुजीत सिन्हा का मूल घर पलामू के हुसैनाबाद स्थित पथरा गांव में था और मेदिनीनगर के रेडमा में भी उनका आवास है. हाल ही में साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ट्रांसफर किए जाने के दौरान जामताड़ा इलाके में हुए एक एनकाउंटर में सुजीत सिन्हा की मौत हो गई थी, जिसके अंतिम संस्कार के लिए रिया सिन्हा पैरोल पर हुसैनाबाद भी आई थीं. रिया सिन्हा पर भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे वर्तमान में जेल में बंद हैं.
इसे भी पढ़ें: पलामू: जपला रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर महिला घायल, बेहतर इलाज के लिए रेफर