पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना परिसर में शनिवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय चांदनी चौक, घाघरा के छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया. थाना प्रभारी ने कहा कि नशा और साइबर अपराध आज युवाओं के भविष्य के सबसे बड़े दुश्मन बन चुके हैं. इनसे बचना ही सबसे बड़ी समझदारी है. उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की.
उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी, बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी. वहीं, डायन-बिसाही को अंधविश्वास बताते हुए वैज्ञानिक सोच अपनाने और समाज में फैली कुरीतियों का विरोध करने का संदेश दिया. कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: कतरास में हुए भू धसान प्रभावितों से मिले धनबाद के महापौर, समस्याएं सुनकर शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन