पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी पीठवर टोली निवासी 45 वर्षीय विश्वनाथ उरांव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शनिवार को पीठवर टोली गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष घाघरा थाना पहुंचे. ग्रामीणों ने मामले में पुलिस से त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही रमेश लोहारा एवं उसके पुत्र आर्यन लोहारा को जेल भेजने की मांग की.
ग्रामीणों का आरोप है कि घाघरा पुलिस द्वारा रमेश लोहारा एवं उसके पुत्र आर्यन लोहारा को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था और दोनों को शुक्रवार से ही थाने में रखा गया था. पर पुलिस के द्वारा दोनों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया. ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस को दोनों पर संदेह है तो मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाए.
मृतक की पत्नी ने भी जताई आशंका
मृतक की पत्नी शीला उरांव ने बताया कि विश्वनाथ उरांव रमेश लोहारा के घर गया था, जहां उसने शराब पी और मुर्गा खाया था. देर शाम तक वह रमेश लोहार के आंगन में ही मौजूद था. इसके बाद सुबह उसका शव रमेश लोहारा के घर से कुछ दूरी पर मिला. इसको लेकर मृतक की पत्नी समेत ग्रामीणों ने रमेश लोहारा और उसके पुत्र की भूमिका पर आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच और कार्रवाई की मांग की.
एक घंटे तक थाना परिसर में डटे रहे ग्रामीण
मामले को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण करीब एक घंटे तक घाघरा थाना परिसर में जमे रहे. ग्रामीण लगातार पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग करते रहे. स्थिति को देखते हुए घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह: थाना प्रभारी
इस संबंध में घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि रमेश लोहार एवं उसके पुत्र आर्यन लोहार को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है. उन्होंने कहा कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक विश्वनाथ उरांव की मौत किस कारण हुई, यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर सक्रिय है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. मामले का अनुसंधान जारी है.