न्यूज11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई कटकमसांडी थाना कांड संख्या 177/19 के मामले में की गई. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार टीपीसी का एरिया कमांडर और गिरेंद्र शामिल हैं. दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे.
यह मामला कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में आगजनी और हाइवा वाहन में आग लगाने की घटना से जुड़ा है. मामले में भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के साथ CLA Act के तहत केस दर्ज किया गया था. पुलिस के मुताबिक बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार के खिलाफ कटकमसांडी, गिद्धौर, इटखोरी, पत्थलगड्डा, सिमरिया और मयूरहंड समेत अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं. वहीं, गिरफ्तार आरोपी गिरेंद्र के खिलाफ भी चतरा और हजारीबाग जिले के थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है. एसपी हजारीबाग के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी. इसी टीम ने बीती रात कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया. पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: भारी बारिश में गरीब का मकान गिरा, परिवार के सिर से छिनी छत; मुआवजे के लिए प्रशासन से लगाई गुहार