संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में हुए चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. गठित SIT की टीम ने हत्याकांड में शामिल कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक लोडेड देसी पिस्टल, जिंदा गोली और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. इसकी पुष्टि चांडिल SDPO शिव प्रकाश कुमार नें प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में SDPO नें बताया कि बीते 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में जमशेदपुर निवासी 33 वर्षीय निखार सबलोक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक (कोल्हान) के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की एक संयुक्त SIT का गठन किया गया था.
अनुसंधान के दौरान पुलिस पूर्व में ही घटना में प्रयुक्त कार समेत 6 शूटरों/अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इसी कड़ी में SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, वीवो कंपनी के दो स्मार्टफोन और एक राउंड जिंदा गोली से लोडेड देसी पिस्टल बरामद किया है. गिरफ्तार सिंटू सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी व आर्म्स एक्ट समेत करीब नौ गंभीर मामले विभिन्न थानो में दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें- रिश्वत लेने के आरोपी अमीन गणेश महतो की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी, 10 सितंबर को कोर्ट सुनाएगा अपना फैसला