मधु सुदन/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: आमदा ओपी पुलिस ने घर से लाखों रुपये के जेवरात चोरी के मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार महिला की निशानदेही पर उसके घर के पीछे जमीन में छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को घर से आभूषण चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही आमदा ओपी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. जांच के दौरान संदेह के आधार पर घर में काम करने वाली एक महिला से पूछताछ की गई. पूछताछ के क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर टीम ने गुलगुलिया बस्ती स्थित महिला के घर के पीछे तलाशी ली.
तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए. गिरफ्तार महिला की पहचान 22 वर्षीय तुम मोदी उर्फ दुर्गा श्री मोदी उर्फ कशिश के रूप में हुई है. पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर उसका सत्यापन शुरू कर दिया है. साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की इस घटना में महिला के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.