अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में अंधविश्वास में शाम डायन-बिसाही के आरोप को लेकर एक महिला के साथ कथित रूप से मारपीट और गर्म पानी डालकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया.
पीड़िता दिलवसीया देवी, पति विशुनदेव उरांव, ने पुलिस को बताया कि गांव के ही उसके गोतिया लोग उसे लंबे समय से डायन कहकर प्रताड़ित करते थे. शनिवार की शाम कथित तौर पर बिहारी उरांव, उनकी पत्नी शारदा देवी, बसंत उरांव, लालमोहन उरांव और उनकी पत्नी ने उसके साथ विवाद किया और उस पर खोलता हुआ गर्म पानी डाल दिया. पीड़िता के अनुसार, गर्म पानी शरीर पर पड़ते ही वह दर्द से तड़पने लगी. इसके बाद किसी तरह वहां से भागकर सड़क की ओर पहुंची.
घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके गोतिया लोग ही उसे डायन बताकर लगातार परेशान करते हैं. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. इस संबंध में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने कहा कि मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस निश्चित रूप से कठोर कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें: विभिन्न सरकारी जन कल्याणकारी 16 योजनाओं के समीक्षोपरांत गढ़वा डीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने दिये आवश्यक निर्देश