रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: कांग्रेस ने संगठन को धार देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार विधायक रहे सोनाराम सिंकु को पश्चिमी सिंहभूम जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. पार्टी आलाकमान ने उनकी जमीनी पकड़, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है.
सोनाराम सिंकु आदिवासी बहुल क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं. जगन्नाथपुर से लगातार चुनाव जीतकर उन्होंने साबित किया है कि जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता मजबूत है. पार्टी के अंदर भी वे अनुशासित और मेहनती नेता के रूप में जाने जाते हैं. बूथ स्तर तक उनकी पहुंच और ग्रामीण मुद्दों पर उनकी पकड़ के कारण उन्हें जिलाध्यक्ष की कमान दी गई है. नियुक्ति की खबर मिलते ही जिला कांग्रेस में खुशी की लहर दौड़ गई. चाईबासा, जगन्नाथपुर, चक्रधरपुर, मनोहरपुर, मंझारी समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों से कार्यकर्ता बधाई देने पहुंचे.
जिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सोनाराम के नेतृत्व में पार्टी को नई गति मिलेगी और उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. कांग्रेसियों ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में आदिवासी, किसान और युवा वर्ग की समस्याओं को उठाने में सोनाराम की भूमिका अहम रही है. जिलाध्यक्ष बनने के बाद अब संगठन को और मजबूत किया जाएगा. पंचायत से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा.पार्टी नेताओं का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण है. सोनाराम सिंकु के जिलाध्यक्ष बनने से पश्चिमी सिंहभूम में कांग्रेस पहले से अधिक मजबूत और एकजुट होकर मैदान में उतरेगी.
इसे भी पढ़ें: JPSC-JSSC के परीक्षाओं को रद्द करने का मामला: फूड सेफ्टी ऑफिसर के सफल अभ्यर्थी भी पहुंचे झारखंड हाई कोर्ट