मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के बहेरा गांव स्थित मदरसा इमदादुल उलूम में जलसा सीरत-उन-नबी (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) व शैक्षणिक मुज़ाहरा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मदरसे में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन पाक की तिलावत से की गई.इसके बाद बच्चों ने कलाम-उल्लाह की तिलावत के साथ-साथ हम्द, नात, नज़्म, भाषण तथा सांस्कृतिक संवाद एवं अन्य प्रस्तुतियां पेश कीं. बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें अपनी कला एवं ज्ञान का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है तथा उनमें आत्मविश्वास और सीखने की रुचि विकसित होती है.
वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है.कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से धार्मिक एवं शैक्षणिक विषयों पर अपनी समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया.अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया.कार्यक्रम के अंत में जलसा एवं शैक्षणिक मुज़ाहरा में शामिल मदरसे के सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. आयोजकों ने बच्चों को आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया.मौके पर कारी रेयासत, मुफ्ती इमतियाज, हाफिज आजाद, हाफिज शमीम, हाफिज सफीक, अंजुमन के सेक्रेटरी सलीम जावेद, वसीम रजा, हाजी तनवीर, मोहम्मद गुड्डे, इरफान आलम, सन्नाउल्लाह, इफ्तिखार और रकीब सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: कल्याणपुर के ग्रामीणों ने सिमरिया विधायक को सौंपा ज्ञापन, कई समस्याओं से कराया गया अवगत