प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,भरनो में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया.कार्यक्रम में विद्यालय के वाटिका खंड,शिशु मंदिर खंड एवं विद्या मंदिर खंड के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण सहित भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों में आकर्षक वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव श्रीकांत प्रसाद केशरी,प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय,नीलम गुप्ता एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.इसके बाद बच्चों ने अपनी सुंदर वेशभूषा,भाव-भंगिमा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके विभिन्न स्वरूपों को जीवंत कर दिया.
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में रूप-सज्जा प्रतियोगिता, नियुक्ति/प्रस्तुति प्रतियोगिता एवं संभाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए.तीनों खंडों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया.
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य वीरेंद्र कुमार सिंह ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायक वक्तव्य दिया.मौके पर सचिव श्रीकांत प्रसाद केशरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उपदेशों से धर्म,सत्य,कर्म,कर्तव्य और सदाचार की सीख मिलती है.बच्चों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा लेनी चाहिए.विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय ने भी बच्चों को श्रीकृष्ण के आदर्श जीवन एवं उनके संदेशों को वर्तमान जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं.विद्यालय परिसर में राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों की आकर्षक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं कृष्णमय हो गया.कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा,संस्कार,भारतीय संस्कृति एवं रचनात्मकता का सुंदर संगम बनकर सामने आया.इस मौके पर नीलम गुप्ता,सरोज केशरी,सुनीता देवी,संयुक्ता देवी,पूनम सारंगी,मुकेश कुमार शाही,संतोष कुमार तिवारी,सुद्धेश्वर साहू, धर्मेंद्र सिंह,लिविंग केरकेट्टा सहित काफी संख्या में अभिभावक,आचार्य एवं विद्यालय के भैया-बहन मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: सड़क दुर्घटना में घायल बुधवा उरांव की मदद को आगे आए युवा समाजसेवी अनमोल टोप्पो, सौंपा राशन