न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: पाकुड़ जेपीएससी और जेएसएससी में कथित धांधली के विरोध में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा के आह्वान पर बुलाए गए झारखंड बंद का असर पाकुड़ जिले में भी देखने को मिला. जिला मुख्यालय के बिरसा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क को जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, वहीं बाजार की कई दुकानें भी बंद रहीं.
पाकुड़ के बिरसा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड बंद के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क को अवरुद्ध कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री रूपेश भगत और जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. उनका कहना है कि जब छात्र कथित परीक्षा धांधली के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, तो उनके खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है.
रूपेश भगत और हिसाबी राय ने छात्रों पर लाठीचार्ज और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए सरकार की कार्रवाई की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर झारखंड बंद के तहत पूरे जिले में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि छात्रों के साथ कथित अन्याय और सरकार की दमनकारी नीति को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी.
इधर, भाजपा के सड़क जाम और प्रदर्शन के कारण पाकुड़-दुमका मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. कई दुकानों के बंद रहने से आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ.