न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ की रांची इकाई ने झारखंड सरकार के नगर विकास, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है.
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार के एक अत्यंत क्रियाशील, संवेदनशील एवं जनहित के प्रति समर्पित मंत्री थे. राज्य के नीतिगत निर्णयों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी. सरकार अथवा प्रशासन के समक्ष जब भी किसी विषय को लेकर दुविधापूर्ण स्थिति उत्पन्न होती थी, वे एक प्रभावी समन्वयक की भूमिका निभाते हुए सभी पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करते थे.
संघ ने कहा कि राज्य के सरकारी कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (Old Pension Scheme) को लागू कराने की दिशा में भी श्री सोनू का उल्लेखनीय योगदान रहा. उनका निधन झारखंड की राजनीति एवं प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एक अपूरणीय क्षति है.
उनकी स्मृति में झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ की रांची इकाई द्वारा शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की.
शोक सभा में संघ के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष श्री यशवंत विजय, प्रमंडलीय सचिव कुर्बान अली, जिलासचिव मुकेश कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष भवेश चंद्र महतो, कोषाध्यक्ष मोहनलाल महतो, संयुक्त सचिव प्रेम कुमार, ज्योति कुमारी, विवेक कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.
संघ ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
यह भी पढ़ें: रिम्स में मरीज़ की मौत के बाद हंगामा, आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर के साथ की मारपीट