न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची में कल रविवार को राज्य के मंत्रियों सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, संजय प्रसाद यादव और चमरा लिंडा की विशेष कमेटी और प्रदर्शन कर रहे छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीन दौर तक चली वार्ता में भी सहमति नहीं बन पायी है. ऐसे में JPSC-JSSC अनियमितता को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों ने आज (10 अगस्त) को पूर्व घोषित 'विधानसभा घेराव' को जारी रखने का फैसला लिया है. आंदोलनकारी छात्र संगठनों ने विधानसभा मार्च के लिए छात्रों से शांतिपूर्ण मार्च करने की अपील की है. इधर प्रशासन ने भी विधानसभा घेराव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं. छात्रों को रोकने के लिए विधानसभा जाने वाले सभी रास्तों में जगह-जगह तगड़ी बैरिकैडिंग की गयी है. कई जगहों पर बैरिकैडिंग के ऊपर कंटीले तारों को भी लगाया गया है.
LIVE UPDATES
झारखंड विधानसभा के पास लगा आखिरी बैरिकेडिंग टूटा
झारखंड विधानसभा के पास लगा आखिरी बैरिकेडिंग तोड़ दिया गया है. भारी संख्या में छात्र विधानसभा परिसर में घुस रहे है. छात्रों और पुलिस के बीच भिड़ंत हो गयी. छात्र विधानसभा परिसर में घुस रहे है. इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि प्रदर्शनकारी विधानसभा गेट नंबर 1 तक पहुंचे हैं. छात्र मुख्यमंत्री के विधानसभा में प्रवेश करने वाले द्वार तक पहुंचे.
छात्रों ने किया रास्ता जाम
छात्रों ने विधानसभा कर्मियों का रास्ता जाम किया है. बाउंड्री से कूद कर सड़क जाम किया.
छोड़े जा रहे आंसू गैस के गोले
विधानसभा के पास छात्रों को तीतर बीतर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं. छात्रों को वापस लौटने के लिए पुलिस प्रशासन अपील कर रही है.
कांग्रेस के मंत्रियों ने की प्रेस कांफ्रेंस
कांग्रेस के मंत्रियों ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए छात्रों से अपील की है कि किसी के बहकावे में न आए छात्र. सरकार ने 95 फीसदी बातें मान ली है. आज जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी हुई है. सरकार पर छात्र भरोसा करे. मंत्रियों की तरफ से दीपिका पांडे सिंह ने संबोधित किया.
प्रशासन ने टियर गैस छोड़ा
भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने टियर गैस छोड़ा है. रांची SSP राकेश रंजन ने खुद मोर्चा संभाला है. लगातार आंसू गैस के छोड़े जा रहे हैं.
तोड़ा जा रहा आखिरी बैरिकेडिंग
छात्रों द्वारा आखिरी बैरिकेडिंग तोड़ा गया. बचे हुए सारे लोग भी कच्चे रास्ते से होते हुए विधानसभा की ओर पहुंच रहे है.
कोतवाली थाना प्रभारी घायल
प्रोटेस्ट के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी हो गए हैं. वहीं, पत्थरबाजी और धक्का-मुक्की में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
छोड़े जा रहे आंसू गैस के गोले
छात्रों की तरफ आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं. 8 शॉट आंसू गैस के गोले हवा में छोड़े गए.
JPSC पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार
छात्र आंदोलन के बीच सबसे बड़ी खबर सामने आई है. जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया गया है. सीआईडी ने कई दिनों की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया है.
सदन की कार्यवाही शुरू
भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही वापस शुरू हो गयी है. आज सदन में तीन घंटे तक अनुपूरक बजट पर चर्चाम होगी.
सचिव की गाड़ियों पर छात्रों ने चलाए जूते-चप्पल
आक्रोशित छात्रों ने राज्य के सचिव की गाड़ियों पर जमकर जूते-चप्पल चलाये हैं.

विधानसभा के चारों मुख्य द्वार बंद
छात्र विधानसभा के बेहद करीब पहुंच चुके हैं. इसे देखते हुए एहतियाद के तौर पर विधानसभा के चारों मुख्य द्वार बंद कर दिए गए हैं.
छात्रों पर लाठीचार्ज
प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे सड़क पर भगदड़ मच गई. इस घटना में कई छात्र घायल हो गए. मौके पर जूते-चप्पल बिखरे नज़र आए.आक्रोशित छात्र जमकर नारेबाजी कर रहे हैं.
एक जवान घायल
छात्रों के प्रदर्शन के बीच एक जवान घायल हो गया है. जवान के सिर में चोट आई है.
छात्र की बिगड़ी तबीयत
प्रदर्शन कर रहे एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई है. रांची SSP ने प्रशासन की गाड़ी में छात्र को अस्पताल भेजा है.

खेतों से होकर विधानसभा पहुंच रहे छात्र
छात्र खेतों और कच्चे रास्तों से होकर विधानसभा पहुंच रहे हैं.

विधानसभा से निकले सीएम हेमंत सोरेन
विधानसभा परिसर से सीएम हेमंत सोरेन समेत सभी अन्य विधायक अब निकल रहे हैं.
विधानसभा के पास पहुंचे छात्र
प्रदर्शन कर रहे छात्र सभी बैरिकैडिंग तोड़ विधानसभा के पास पहुंच गए हैं. अब केवल एक अंतिम बैरिकैडिंग ही बचा है. छात्र विधानसभा के बेहद करीब पहुंच गए हैं.

प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर टियर गैस छोड़ने की तैयारी
प्रदर्शन कर रहे छात्र एक के बाद एक बैरिकैडिंग तोड़ लगातार आगे बढ़ रहे हैं. छात्रों को रोकने के लिए पुलिस अब टियर गैस छोड़ने की तैयारी कर रही है.
छात्रों ने तोड़ा एक और बैरिकैडिंग
छात्रों ने एक और बैरिकैडिंग तोड़ दिया है. छात्र अब अंतिम बैरिकैडिंग के पास पहुंच गए हैं.
रोका गया वाटर कैनन
वाटर कैनन फिलहाल रोक दिया गया है. छात्र कह रहे हैं "Once More"
छात्रों पर किया गया वाटर कैनन का इस्तेमाल
प्रदर्शन कर रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है.
योगेंद्र प्रताप की बिगड़ी तबीयत
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप की तबीयत ज्यादा ख़राब हो गयी है. उनके लिए एम्बुलेंस मंगाया गया है. मुख्यमंत्री आवास के बाहर से डिटेन करने के दौरान वह गिर गए थे. मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य का जांच कर रही है.
छठा बैरिकेटिंग टूटा
छात्रों ने छठा बैरिकेटिंग भी तोड़ दिया है. हजारों की तादाद में पहुंचे छात्रों ने कंटीली तारों से लैस बैरिकैडिंग भी तोड़ दिया है.
जगन्नाथ मंदिर के पास का बैरिकेडिंग तोड़ा गया
छात्रों ने जगन्नाथ मंदिर के पास का बैरिकेडिंग भी तोड़ दिया है. बैरिकेडिंग तोड़कर छात्र मंदिर के रास्ते लगातार आगे बढ़ रहे हैं.
भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तोड़ा बैरिकेड
भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बैरिकैडिंग तोड़ दिया है और लगातार आगे बढ़ रहे हैं. युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज भी मौजूद हैं.
बीजेपी युवा मोर्चा बैरिकेटिंग में चढ़ा
छात्र प्रदर्शन के समर्थन में उतरे बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्त्ता बैरिकेटिंग के ऊपर चढ़ गए हैं.
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे आए छात्र
विधानसभा घेराव करने निकले छात्रों ने एक और बैरिकेडिंग तोड़ दिया है. छात्र तीसरा बैरिकैडिंग तोड़ आगे बढ़ गए हैं.
खेल गांव स्टेडियम में भाजपा का प्रदर्शन
भाजपा विधायक खेल गांव स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे हैं. भाजपा विधायक, नेता व कार्यकर्त्ता हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रहे हैं.

खेलगांव स्टेडियम में रखे गए सभी भाजपा विधायक
भाजपा विधायकों को सीएम हाउस के बाहर से डीटेन कर खेलगांव स्टेडियम में रखा गया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत सभी भाजपा विधायक शहीद निर्मल वीआईपी गेस्ट हाउस में हैं.

विधानसभा मार्च में शामिल होने देवेंद्र नाथ महतो पहुंचे
छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए देवेंद्र नाथ महतो एम्बुलेंस से पहुंच गए हैं. वह स्ट्रेचर पर लेते हुए हैं और उनके सहयोगी उन्हें उठाकर चल रहे हैं. देवेंद्र नाथ महतो अपने साथ दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर लिए हुए हैं.

छात्रों ने दूसरा बैरिकेड भी तोड़ा
विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े छात्रों ने दूसरा बैरिकेड भी तोड़ दिया है. बड़ी संख्या में छात्र हाथों में तिरंगा लिए विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं.

सदन की कार्यवाही शुरू
छात्र प्रदर्शन के बीच विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू हो गयी है. सदन में भाजपा के कोई भी विधायक नहीं पहुंचे हैं. स्पीकर रविंद्रनाथ महतो ने कहा कि सदन में सवाल डालकर उपस्थित नहीं होना अच्छे संसदीय व्यवस्था की निशानी नहीं है.
विधानसभा में लेटे आजसू विधायक निर्मल महतो
विधानसभा परिसर आजसू विधायक निर्मल महतो फर्श पर लेट गए हैं.

खेल गांव ले जाये गए बीजेपी विधायक
सीएम आवास के बाहर से बीजेपी विधायकों को डिटेन कर खेल गांव ले जाया गया है.
बीजेपी माहौल ख़राब करने की कर रही कोशिश- हेमलाल मुर्मू
झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि छात्र आंदोलन में बीजेपी बैक सीट ड्राइविंग कर रही है. भाजपा माहौल खराब करने में लगी हुई है.
देवेंद्र नाथ महतो एंबुलेंस में सवार होकर निकले विधानसभा घेराव में
8 दिनों से आमरण अनशन में बैठे देवेंद्र नाथ महतो धरना स्थल से निकलकर विधानसभा घेराव करने के लिए एंबुलेंस में निकल पड़े हैं.

पहला बैरिकैडिंग तोड़ आगे बढ़ा छात्रों का हुजूम
पुरानी विधानसभा के पास पहला बैरिकैडिंग तोड़ छात्र आगे बढ़ गए हैं.
पहला बैरिकेड लांघकर प्रदर्शनकारी छात्र आगे बढ़ गए हैं. रांची में विधानसभा मार्च को रोकने के लिए पुलिस मुस्तैद है. रांची में विधानसभा की ओर मार्च कर रहे छात्रों को पुलिस ने बैरिकेड से रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग लांघकर आगे बढ़ गए हैं.
छात्रों का उमड़ा जनसैलाब
पुरानी विधानसभा परिसर में छात्रों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. बड़ी संख्या में छात्र पुरानी विधानसभा के पास जमा हो गए हैं. हाथों में तिरंगा लेकर छात्र विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं.
बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को किया गया डीटेन
मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को डीटेन कर लिया गया है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत कई विधायक भी शामिल हैं. तीन बसों में भरकर सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं को ले जाया गया है. सीएम आवास छावनी में हुई तब्दील.

BJP मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव घर में नजरबंद
झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव को घर में नजरबंद किया गया है. सुबह से घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं.

भाजपा के सभी विधायकों एवं नेताओं ने घेरा मुख्यमंत्री आवास
भाजपा के सभी विधायकों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया है. सभी विधायक सीएम आवास के समक्ष बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत सभी विधायक मौजूद हैं.

BJP विधायक एवं कार्यकर्ता भी उतरेंगे सड़कों पर
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आवास पर विधायकों की बैठक हुई. इस बैठक में तय हुआ कि सभी विधायक एवं भाजपा के नेता कार्यकर्ता भी सड़क पर छात्रों को अपना समर्थन देंगे.
रांची सिटी एसपी ने कहा कि छात्रों से बात हो रही है. छात्रों को जहां तक परमिशन दिया गया है, वहीं तक शांतिपूर्वक प्रदर्शन होगा.
रांची में लगभग 2 हजार से अधिक जवान तैनात
राजधानी में प्रदर्शन के मद्देनजर लगभग 2 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गयी है. रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, झारखंड जगुआर, IRB जवान सहित कई जिले के पुलिस अधिकारियों की तैनाती हुई है.

धुर्वा शहीद मैदान के पास की गई बैरिकैडिंग
धुर्वा शहीद मैदान के पास बैरिकैडिंग की तस्वीरें सामने आई है, जहां पर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है.

ऑटो-टॉटो से पुरानी विधानसभा पहुंच रहे छात्र
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से प्रदर्शनकारी छात्र अब धीरे-धीरे पुरानी विधानसभा की ओर रुख कर रहे हैं. कोई ऑटो तो कोई टॉटो में बैठकर निकल गए हैं.
