प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/लातेहार: मुर्गीडीह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लातेहार जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में कई कमियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार का निर्देश दिया.
प्रसूति वार्ड के निरीक्षण के दौरान भर्ती प्रसूता अनिता देवी ने आरोप लगाया कि प्रसव के बाद उनका नवजात बच्चा बेड से नीचे रखी बाल्टी में गिर गया था. उन्होंने बताया कि काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई नर्स या स्वास्थ्यकर्मी मदद के लिए नहीं पहुंचा. बाद में उन्होंने स्वयं किसी तरह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तक पहुंचकर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद एक कर्मी को भेजकर बच्चे को बाल्टी से बाहर निकाला गया. जांच के बाद बच्चे को सुरक्षित बताया गया.
निरीक्षण में प्रसूति वार्ड के करीब दस बेडों पर बेडशीट नहीं मिली. मरीजों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन और नाश्ता नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई. वार्ड में भोजन का मेन्यू भी प्रदर्शित नहीं था. प्रसूता ने भोजन के नाम पर केवल हल्दी वाली खिचड़ी मिलने की बात कही.
इसके अलावा दवा वितरण केंद्र की जांच में कुछ एक्सपायरी दवाएं मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष ने इसे गंभीर लापरवाही बताया. उपस्थिति रजिस्टर और ड्यूटी रोस्टर की जांच के दौरान भी कई बिंदुओं पर सवाल उठे. सरकारी अभिलेखों को लेकर लापरवाही बरतने पर एक कर्मी को भी फटकार लगाई गई.
जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है. निरीक्षण में मिली कमियों से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा. उन्होंने लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों के स्थानांतरण का मामला भी अधिकारियों के समक्ष रखने की बात कही.
औचक निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, विनय चंदेल समेत अन्य लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: राजगंज हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी