न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: गोमो रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48 जिंदा कछुए बरामद किए हैं. ये कछुए योग नगरी ऋषिकेश से हावड़ा जा रही दून एक्सप्रेस के जनरल कोच में तीन थैलों और एक बैग के अंदर छिपाकर रखे गए थे. सामान लावारिस हालत में मिला, जिसके बाद आरपीएफ ने तालाशी लेकर कछुओं को बरामद किया. वहीं, जो व्यक्ति कछुओं को छोड़कर फरार हुआ है. उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है.
यह कार्रवाई 11 और 12 सितंबर की दरम्यानी रात ऑपरेशन WILEP के तहत की गई. उस समय ट्रेन में आरपीएफ का मार्गरक्षण दल गया से धनबाद तक दून एक्सप्रेस में तैनात थे. ट्रेन के जनरल कोच की जांच- पड़ताल के दौरान जवानों को तीन थैले और एक बैग लावारिस मिले. जिसके बाद ट्रेन में आसपास के मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन पर अपना दावा नहीं किया. संदेह होने पर आरपीएफ ने बैग और थैलों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान इनके अंदर Indian Flapshell यानी की Lissemys punctata प्रजाति के कुल 48 जीवित कछुए बरामद हुए. जिसके तुरंत बाद आरपीएफ के उप निरीक्षक मोहम्मद शाकिब आलम ने गोमो स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर सभी कछुओं को नियमानुसार जब्त किया और आरपीएफ पोस्ट पर ले गए.
जानकारी के अनुसार, कछुओं को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षण देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया. आरपीएफ मामले में आगे कार्रवाई कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें: रांची: ट्यूलिप हॉस्पिटल में मारपीट मामले की जांच करने अस्पताल पहुंची जांच कमेटी