न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद में आज विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में जिला परिषद से रणधीर वर्मा चौक तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया.
तिरंगा यात्रा जिला परिषद से शुरू होकर पार्क मार्केट होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक पहुंची. पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और इसकी गरिमा एवं सम्मान की रक्षा के लिए हम सभी संकल्पित हैं. उन्होंने कहा कि हमारा तिरंगा इसी तरह सदैव लहराता रहे और पूरी दुनिया में भारत का परचम ऊंचा रहे.
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशवासियों ने संकल्प लिया है कि वर्ष 2047, जब भारत अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब तक भारत को विश्वगुरु और एक विकसित राष्ट्र बनाना है. उन्होंने कहा कि भारत अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को पुनः प्राप्त करते हुए विश्व पटल पर अपना परचम लहराता रहेगा.
इसे भी पढ़ें: सिमडेगा: कोलेबिरा में पेड़ से टकराई शिवम बस, 15 यात्री घायल