प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: भरनो प्रखंड के नवाटोली स्थित पड़हा भवन के सभागार में आगामी 21 सितंबर को प्लस टू हाई स्कूल भरनो के मैदान में आयोजित होने वाले कर्मा पूर्व संध्या समारोह की तैयारी एवं आयोजन कमिटी के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता लधूवा उरांव ने की. इसमें प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में पड़हा समिति एवं सरना धर्मावलंबी शामिल हुए और कर्मा पूर्व संध्या को भव्य एवं पारंपरिक तरीके से मनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. बैठक में लधूवा उरांव ने कहा कि आगामी 22 सितंबर को कर्मा पर्व मनाया जाएगा और इसके ठीक एक दिन पूर्व 21 सितंबर को कर्मा पूर्व संध्या का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि कर्मा पर्व प्रकृति,संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है. इसे सामूहिक रूप से मनाने से समाज की सांस्कृतिक पहचान और आपसी एकजुटता मजबूत होती है. उन्होंने बताया कि कर्मा पूर्व संध्या कार्यक्रम में प्रखंड की सभी पंचायतों से लोग बाजे-गाजे एवं पारंपरिक वेशभूषा के साथ शामिल होंगे.
बैठक में समारोह को आकर्षक और भव्य बनाने, विभिन्न गांवों एवं पंचायतों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई. कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए बैठक में आयोजन कमिटी का गठन भी किया गया. उपस्थित लोगों की सहमति से अध्यक्ष लधूवा उरांव,उपाध्यक्ष राजेश्वरी उरांव,सचिव बंधना उरांव,उपसचिव मंजू लकड़ा,कोषाध्यक्ष बुद्धदेव उरांव तथा उपकोषाध्यक्ष फूलकुमारी उरांव का चयन किया गया. वहीं कमिटी के संरक्षक के रूप में सुकेश उरांव,पंचू उरांव,शनि उरांव,ललित उरांव एवं नगवा पहान का चयन सर्वसम्मति से किया गया. बैठक में उपस्थित लोगों ने कर्मा पूर्व संध्या समारोह को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता का संकल्प लिया. आयोजकों ने प्रखंड के विभिन्न गांवों और पंचायतों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की. इस मौके पर जयराम उरांव, जुगल उरांव, राजेंद्र उरांव, अनिल उरांव, चंद्रदेव उरांव, मंगरा उरांव, मेझरस खाखा, जयराम खड़िया, सोमा उरांव, आकाश समेत बड़ी संख्या में सरना धर्मावलंबी एवं ग्रामीण उपस्थित थे.