रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
कुमारडूंगी/डेस्क: तीन दिनों से हो रही लगातार झमाझम बारिश ने कुमारडूंगी प्रखंड में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. कच्चे मिट्टी के मकानों की दीवारें पानी से गलकर कमजोर हो गई हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं. इसी बीच कल मंगलवार की शाम प्रखंड के चांदमुनीया गांव में एक बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश के दौरान गोविंद पान का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया. घटना के समय गांव के ही विकास बोदरा और अंकुरा बोदरा बारिश से बचने के लिए उनके घर के आंगन में खटिया पर बैठे थे. इसी दौरान मकान की दीवार ढह गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए.
दीवार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि अंकुरा बोदरा को कोई चोट नहीं लगी, जबकि विकास बोदरा के ऊपर घर का रोला गिर गया, जिससे वह घायल हो गए, हालांकि गंभीर चोट नहीं आई है. आसपास के लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला.
इधर छोटारायकमन गांव में भी लगातार बारिश से दो लोगों के कच्चे मकान गिर गए. हालांकि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. ग्रामीणों ने प्रशासन से कमजोर घरों का सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: 14वीं JPSC फर्जीवाड़ा: पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते समेत 9 आरोपियों की जमानत याचिका पर आज सुनवाई