न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: उत्पाद सिपाही परीक्षा में पेपर लीक के नाम पर ठगी मामले में आरोपी मुकेश कुमार उर्फ शेर सिंह को झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है. उस पर तमाड़ के अर्धनिर्मित नर्सिंग होम में ‘रट्टा सेंटर’ चलाने का आरोप है. साथ ही परीक्षा में धांधली के लिए तमाड़ के रड़गांव में अभ्यर्थियों को जुटाने का भी आरोप है. उस पर आरोप है कि 150 से अधिक अभ्यर्थियों को रड़गांव में जुटाकर परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाने का काम किया है.
परीक्षा पास कराने के नाम पर 10-15 लाख रुपए तक की डील का मुकेश पर आरोप है. इसके एवज में एडवांस के तौर पर अभ्यर्थियों के हस्ताक्षरित बैंक चेक लिए थे. आरोप यह भी है अभ्यर्थियों के ओरिजिनल डॉक्यूमेंट और एडमिट कार्ड अपने पास रखवा लिया था.
बिहार-झारखंड में सक्रिय पेपर लीक और सॉल्वर सिंडिकेट से जुड़े होने का भी उस पर आरोप है. मुकेश कुमार पर प्रश्न-पत्रों की सौदेबाजी और साजिश में शामिल होने का भी आरोप है.
मामला तमाड़ थाना कांड संख्या 21/2026 से जुड़ा हुआ है. पुलिस छापेमारी में एक साथ 164 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी. मामले में 2,400 पेज की चार्जशीट दाखिल हो चुकी है.
यह भी पढ़ें: JSSC CGL भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले सीआईडी ने आरोपियों की याचिका पर दाखिल की केस डायरी, बहस के लिए मांगा समय