न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची में संचालित कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध नगर निगम अब सख्त रुख अपना रहा है. नगर निगम के Municipal Trade License टीम द्वारा विभिन्न वार्डों में संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच की गई, जिसमें कई संस्थान बिना आवश्यक अनुमति और ट्रेड लाइसेंस के संचालित पाए गए.
रांची शहर में लगभग 1,364 शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं, जिनमें लगभग 831 कोचिंग संस्थान शामिल हैं. नगर निगम के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इनमें से मात्र 68 कोचिंग संस्थानों के पास वैध नगरपालिका व्यापार लाइसेंस पाया गया. नगर निगम द्वारा ऐसे सभी कोचिंग संस्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके पास वैध लाइसेंस नहीं है. बिना वैध लाइसेंस संचालित पाए जाने वाले सभी संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इन कोचिंग संस्थानों को नोटिस
जांच के क्रम में ऐसे कुल 20 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है. इनमें Amaans Motion Academy, Clat Prep, Newton Tutorials, Pathshala, Career Foundation, MS Learning Resources Pvt. Ltd., Dezine Quest, M.B.A Achievers, Gravity Education, National CLAT Academy, Master Minds, Pages Library, The Black Board, AK Academy तथा Dcube Classes Hinoo सहित अन्य संस्थान शामिल हैं.
नगर निगम के अनुसार, बिना आवश्यक निगम अनुमति के व्यावसायिक गतिविधि संचालित करना झारखण्ड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की धारा 455 तथा झारखण्ड नगरपालिका Municipal अनुज्ञप्ति नियमावली, 2017 के कंडिका 19 एवं 20 का स्पष्ट उल्लंघन है.
अब नहीं चलेगा बिना अनुमति के कारोबार
नगर निगम ने सभी संबंधित कोचिंग संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि नोटिस प्राप्त होने के बाद तीन दिनों के भीतर अपने परिसर में रखी सामग्री, प्रचार सामग्री आदि को हटा लिया जाए और आवश्यक अनुमति प्राप्त की जाए. नगर निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि के बाद भी यदि कोई कोचिंग संस्थान बिना वैध अनुमति के संचालित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी. इस कार्रवाई की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्थान की होगी.