अजीत कुमार/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल नेतरहाट का मशहूर सनसेट प्वाइंट इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है. पर्यटकों की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से पूरी तरह बंद पड़ा है. अधूरा निर्माण और अव्यवस्थित परिसर अब पर्यटन स्थल की खूबसूरती पर सवाल खड़ा कर रहा है.
कभी शाम होते ही सनसेट प्वाइंट पर सूर्यास्त का मनमोहक नजारा देखने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ जुटती थी. पर्यटक घंटों इंतजार कर डूबते सूरज की खूबसूरती को कैमरे में कैद करते थे. लेकिन अब वही स्थल अधूरे निर्माण और बदहाल व्यवस्था के कारण वीरान नजर आ रहा है.
निर्माण बंद, पर्यटक परेशान
पर्यटकों का कहना है कि नेतरहाट की पहचान उसके प्राकृतिक सौंदर्य और शानदार सूर्यास्त से है. ऐसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल पर महीनों से निर्माण कार्य बंद रहना गंभीर चिंता का विषय है. पर्यटकों को न तो बेहतर सुविधा मिल पा रही है और न ही निर्माण कार्य पूरा होने की कोई स्पष्ट जानकारी है.स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पर्यटन विकास के नाम पर योजनाएं तो शुरू कर दी जाती हैं, लेकिन समय पर पूरा कराने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जाती. इसका सीधा असर पर्यटकों और स्थानीय पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है.
विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि सनसेट प्वाइंट के बंद पड़े निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराकर समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए. साथ ही निर्माण स्थल की सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए.लोगों का कहना है कि नेतरहाट को पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए अधूरी योजनाओं को यूं ही छोड़ने के बजाय सरकार और विभाग को धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी होगी. वरना पर्यटकों को आकर्षित करने वाला नेतरहाट का प्रमुख सनसेट प्वाइंट खुद बदहाली की तस्वीर बनकर रह जाएगा.