न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में अब मौसम ने करवट ले ली हैं. राजधानी रांची, हजारीबाग, देवघर, पाकुड़ और दुमका समेत कई जिलों में ठंड का असर महसूस होने लगा हैं. सुबह की ठंडी हवाएं और शाम की गुलाबी ठंड यह साफ संकेत दे रही है कि अब मॉनसून पूरी तरह से विदा हो चुका हैं.
5 दिनों तक रहेगा साफ मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं हैं. उनका कहना है कि इस बार दिवाली और छठ जैसे बड़े त्यौहार लोग साफ और सुहावने मौसम में मनाने वाले हैं.
धनतेरस से छठ तक रहेगा खुला आसमान
धनतेरस, छोटी दिवाली और बड़ी दिवाली तीनों दिन झारखंड में मौसम के सुहावने रहने की संभावना हैं. राजधानी रांची समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली रहेगी और रात में हल्की ठंड का एहसास होगा.
गुमला सबसे ठंडा, तापमान गिरकर 15 डिग्री पर पहुंचा
पिछले 24 घंटे में गुमला का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार और हजारीबाग में तापमान 16 से 17 डिग्री तक दर्ज हुआ. मौसम विभाग ने बताया कि शाम के समय चलने वाली ठंडी हवा से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि अचानक तापमान गिरने से सर्दी-जुकाम जैसी परेशानियां हो सकती हैं. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि सुबह और शाम के वक्त हल्के गर्म कपड़े पहनें और बच्चों तथा बुजुर्गों को ठंडी हवा से बचाएं. अभी भले ही दिन में धूप निकल रही हो, लेकिन रात में ठंड अपना असर दिखाने लगी हैं.
यह भी पढ़े: बिहार चुनाव 2025: कांग्रेस ने जारी की पहली लिस्ट, 48 उम्मीदवारों के नाम हुए घोषित