न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है. सैकड़ों लोगों की जान चली गयी, तो वहीं करीब हज़ार लोग लापता बताये जा रहे हैं. राहत-बचाव कार्य के बीच हर किसी की आँखें अपनों को खोज रही है. इन लोगों में झारखंड के पलामू का एक मजदूर भी लापता हो गया है. वह नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट में कार्यरत था.
पलामू जिले के हैदरनगर प्रखंड स्थित बडंडा बरवाडीह के 50 वर्षीय महेंद्र विश्वकर्मा नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट से कई दिनों से लापता हैं. नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से उनका मोबाइल भी बंद है, जिससे परिजन अनहोनी की आशंका से बेहद चिंतित हैं. हालांकि कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मियों के सुरक्षित होने का दावा किया है, लेकिन महेंद्र से संपर्क न हो पाने के कारण परिजनों ने विदेश मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन से उन्हें ढूंढ निकालने की गुहार लगाई है.
इसी बीच, पलामू पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अति आवश्यक सूचना जारी की है. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति कैलाश यात्रा, नेपाल या तिब्बत की यात्रा पर गया है, तो उसका पूरा नाम, पता और मोबाइल या व्हाट्सऐप नंबर तुरंत नजदीकी थाने में उपलब्ध कराएं, ताकि आपदा की इस स्थिति में सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में H1N1 की दस्तक, 24 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट