संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले में 'ऑपरेशन सफाया' के तहत पांकी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. 22 अगस्त 2026 की शाम गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के आदेश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार-02 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. सूचना मिली थी कि सतबरवा से पांकी के बराज के रस्ते बनखेता जाने वाली सड़क के पास टोला कोलावा में कुछ हथियारबंद अपराधी किसी व्यापारी या राहगीर से लूटपाट की नीयत से घूम रहे हैं. पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची तो संदिग्ध हालत में खड़े अपराधी भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने घेराबंदी करके खदेड़कर पकड़ लिया. इस दौरान तीन अपराधी दबोचे गए, जबकि दो अन्य नदी में कूदकर भागने में सफल रहे.
पकड़े गए अपराधियों में चतरा जिले के सिकनी गांव निवासी सोहन गंझू, सकिंदर गंझू और सुमन यादव शामिल हैं. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बतया कि पूछताछ मे यह खुलासा हुआ कि यह गिरोह मुख्य रूप से अफ़ीम के कारोबार से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर हथियार के बल पर लूटपाट करता था. मुख्य आरोपी सोहन गंझू का भाई ललिता गंझू पूर्व में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी का सक्रिय सदस्य था, जो 2011-12 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था. उसी समय से उसका हथियार सोहन गंझू के पास था, जिसका इस्तेमाल यह गिरोह अपराध के लिए कर रहा था. पुलिस ने अपराधियों के पास से एक अवैध देशी कारबाइन, एक मैगजीन, सात जिंदा गोली, एक खोखा, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं. इस सफल कार्रवाई में पांकी थाना और सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही.
यह भी पढ़ें: डोमनपुर में अजीत ज्वेलर्स और बर्तन दुकान में चोरी, 40-50 हजार के सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ