न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे रांची स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) के पुनरुद्धार को लेकर उद्योग संबंधी संसद की छह सदस्यीय विशेष समिति ने रांची का दौरा किया. इस दौरान राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने केंद्र सरकार से HEC के मुद्दे पर सकारात्मक और ठोस पहल करने की मांग की.
उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत सरकार को HEC के मामले में सिर्फ औपचारिक बैठकें करने के बजाय गंभीरता से विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब भी केंद्र सरकार के अधिकारी रांची आते हैं और HEC को लेकर बैठक होती है, उसका कोई सकारात्मक निष्कर्ष सामने नहीं आता.
मंत्री ने कहा, "हमारी मांग है कि जो संसदीय कमेटी यहां आई है, वह HEC के भविष्य को लेकर सकारात्मक रुख अपनाए और ठोस कदम उठाए." उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार समिति की पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आएगा और HEC के पुनरुद्धार की दिशा में आगे की कार्रवाई होगी.
इसे भी पढ़ें: परीक्षा रद्द के आदेश पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक, प्रोजेक्ट भवन के बाहर झूम उठे सफल अभ्यर्थी