न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार की संध्या पाण्डु थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चिरंजीव मंडल की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
बैठक में मोहर्रम जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. एसडीपीओ श्री मंडल ने सभी से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें.
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि बिना अनुमति डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नहीं किया जाएगा तथा सरकार एवं न्यायालय द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा. सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की भी अपील की गई. उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया.