न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: मौसम विभाग ने 13 सितम्बर तक आकाशीय घटनाओं के साथ मध्यम दर्जे से लेकर भारी बारिश का अलर्ट झारखंड के लिए जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, रांची समेत कई जिलों में तेज हवाओं, वज्रपात की घटनाओं के साथ बारिश का असर दिखाई देगा. मौसम विभाग ने झारखंड के कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की भी चेतावनी दी है. क्योंकि वज्रपात की घटनाओं के बीच कुछ लोगों के मारे जाने की भी घटनाएं इन दिनों सामने आई हैं.
पिछले 24 घंटों में कुछ जिलों में भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है. इसमें सबसे ज्यादा बारिश गिरिडीह जिलों में दर्ज की गई, जहां 112.4 मिमी बारिश हुई है. बता दें कि गिरिडीह उन जिलों में शामिल है, जहां इस साल इससे पहले कम बारिश दर्ज की गई है.
पिछले कुछ दिनों से राज्य के सूखे इलाकों में दर्ज पलामू और गढ़वा में भी अच्छी बारिश हुई है. कुछ दिनों पहले तक जहां मानसून में औसत बारिश से 50-60 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई थी, वहां यह कमी काफी पूरी हो गई है. अब यह कमी घट कर 18-19 प्रतिशत रह गई है.
तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा तापमान बहरागोड़ा में दर्ज किया गया है. वहां सोमवार को 35.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. जमशेदपुर में 35.0, डाल्टनगंज में 32.8 और बोकारो में 34.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है.
यह भी पढ़ें: सरकार बताए कि छात्रों पर गंभीर धाराएं वाले मुकदमे वापस लेने के लिए हाईकोर्ट में पहल क्यों नहीं हुई - प्रतुल शाहदेव