संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पड़वा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही शराब निर्माण सामग्री, एक कार और मोबाइल जब्त किया है.
पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़वा बाजार के आगे सदाबह नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की मैग्नेट कार (JH01EZ-7099) को रोककर जांच की. वाहन की तलाशी लेने पर 2520 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की गई और मौके से कार चालक साहिद अंसारी (उम्र 30 वर्ष, पिता- फरीद अंसारी, ग्राम रूढ़ीडीह, थाना- नावाजयपुर) को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ एवं अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने निरंजन कुमार मेहता (उम्र 30 वर्ष, पिता- गोपाल महतो, ग्राम दमारो, थाना- नावाजयपुर) को भी गिरफ्तार किया, जिसके घर से शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2304 बोतल रॉयल स्टैग (180 ml), 72 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व B7 (375 ml), 144 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व B7 (180 ml), एक सफेद रंग की मैग्नेट कार (JH01EZ-7099), एक एंड्रॉयड मोबाइल और शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्रियां जब्त की हैं.
छापेमारी दल में पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार, पु०अ०नि० चिन्टू कुमार, स०अ०नि० राजेश कुमार शर्मा, स०अ०नि० शिव प्रसाद महतो, पड़वा थाना का सशस्त्र बल एवं नावाबाजार थाना का गश्ती दल शामिल था. मामले में सुसंगत धाराओं व उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा अवैध शराब के खिलाफ सहयोग करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: जगन्नाथपुर में मोबाइल चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 13 फोन के साथ युवक गिरफ्तार