न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: BCCL CMD मनोज अग्रवाल के खिलाफ लगातार दो मामले दर्ज होने के बाद इस मुद्दे पर राजनीति गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूरे मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि BCCL CMD मनोज अग्रवाल के खिलाफ पहले छाताबाद भू-धंसान मामले में केस दर्ज किया गया और अब SC/ST एक्ट के तहत दूसरा मामला भी दर्ज हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद में कोयला चोरी के अवैध कारोबार पर कार्रवाई शुरू होने के बाद CMD को डराने और कार्रवाई से पीछे हटाने के लिए एक के बाद एक मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं.
बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि केंद्रीय पुलिस की मदद से धनबाद में कोयला चोरी के गोरखधंधे पर लगाम लगाने की कोशिश की जा रही है, जिससे अवैध कारोबार से होने वाली करोड़ों रुपये की काली कमाई पर चोट पड़ रही है.
नेता प्रतिपक्ष ने धनबाद पुलिस के अधिकारियों को भी आगाह करते हुए कहा कि जमानत पर चल रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक दबाव में आकर अपने करियर को अनावश्यक जोखिम में न डालें. उन्होंने अपने पोस्ट में छवि रंजन, विनय चौबे, पूजा सिंघल और अनुराग गुप्ता जैसे अधिकारियों के मामलों का भी जिक्र किया.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन अधिकारियों के फैसलों और उनकी भूमिका का रिकॉर्ड हमेशा रहता है. उन्होंने अधिकारियों से कानून और अपने पद की मर्यादा से समझौता करने से पहले भविष्य को ध्यान में रखने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: रांची महिला थाना में छात्र नेत्री अमीषा प्रसाद से हुई पूछताछ, कल फिर बुलाया गया