विकास कुमार/न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन रेलखंड में एनआई कार्य के कारण कई ट्रेनों के रद्द होने एवं मार्ग परिवर्तन से आम यात्रियों की बढ़ी परेशानी को देखते हुए रेल उपभोक्ता समिति बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन रेलखंड ने मंगलवार को पलामू जिला अंतर्गत जपला रेलवे स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक मुगलसराय को ज्ञापन सौंपा. समिति के संयोजक प्रेमतोष कुमार सिंह (गुड्डू) ने कहा कि 23 जून से 30 जून तक कई यात्री ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगने से आम जनता, छात्र, मरीज, मजदूर एवं न्यायालय जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
समिति ने मांग की है कि डेहरी ऑन सोन–बरवाडीह के बीच चलने वाली 53349/53350 एवं 53611/53612 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन कम से कम डालटनगंज रेलवे स्टेशन तक तत्काल शुरू किया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके. पत्र में कहा गया है कि बस किराया, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत एवं सीमित परिवहन व्यवस्था के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सवारी गाड़ियों का परिचालन बंद रखा जाता है तो मालगाड़ियों का निर्बाध संचालन भी उचित नहीं है और रेलवे को आम जनता के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए.
ज्ञापन की प्रतिलिपि माननीय सांसद पलामू, आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी जपला एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है. मौके पर रेल उपभोक्ता समिति जपला-हुसैनाबाद के अध्यक्ष मुकेश सिंह, सचिव राजेश कर्ण तथा रेल उपभोक्ता समिति हैदरनगर के अध्यक्ष गुप्तेश्वर पांडेय सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: जपला के भाजपा कार्यालय में मनाया गया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, सभी ने उन्हें किया याद