न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के मौसम में एक बार फिर से बदलाव होने वाला है. राजधानी रांची समेत विभिन्न जिलों में आज से कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. साथ ही कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने 17 सितंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती है. अगले दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.
वहीं 18 और 19 सितंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है. यानी अगले एक सप्ताह के दौरान झारखंड में विभिन्न जगहों पर बारिश की संभावना बनी हुई है.
पिछले 24 घंटे में राजधानी रांची में बारिश नहीं हुई, जबकि चाईबासा में 26.2 मिमी, खूंटी में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस दौरान चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और डालटनगंज में 33.2 डिग्री दर्ज हुआ.
इसे भी पढ़ें: रांची: कल रात आसमान में दिखा अद्भुत नजारा, चाँद के पास चमक रहा था शुक्र ग्रह; लोगों ने फोन में कैद की तस्वीरें