संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के आरोपी, सदर थाना क्षेत्र के बड़कागांव निवासी रोशन तिवारी ने सोमवार सुबह शहर थाने में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल की देर शाम रेडमा निवासी विनीत तिवारी का उनकी कार से अपहरण कर लिया गया था और हत्या कर दी गई थी. अगले दिन उनका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट के पास एनएच किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ था. पुलिस जांच में जमीन कारोबार में वर्चस्व और आपसी रंजिश को इस हत्या की मुख्य वजह बताया गया था.
मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप तिवारी को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार किया था, जबकि जुलाई में आरोपी प्रशांत तिवारी को झांसी से गिरफ्तार किया गया था. अब रोशन तिवारी के सरेंडर के साथ मामले में कुल तीन लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं.
हालाँकि, मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत एक अन्य आरोपी घटना के लगभग चार महीने बीत जाने के बाद भी फरार हैं. पुलिस ने अदालत के आदेश पर फरार आरोपियों के घर इश्तहार चस्पा कर आत्मसमर्पण की चेतावनी भी दी थी, और फिलहाल उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सादगी के साथ मनाया गया जन्मदिन