गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड स्थित होटल वृंदावन में सारना समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक समिति के अध्यक्ष कृष्ण मुंडा की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में आगामी 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस को भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के दौरान भारत सहित विश्व के आदिवासी समाज की वर्तमान स्थिति, उनके अधिकारों, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही निर्णय लिया गया कि समारोह में क्षेत्र के विधायक, मुखिया, प्रखंड प्रमुख, माझी बाबा, समाजसेवी, प्रबुद्ध नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा.
समिति के अध्यक्ष कृष्ण मुंडा ने कहा कि इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने का निर्णय लिया गया है. कार्यक्रम में संताली एवं मुंडारी लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी तथा आमंत्रित अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी, ध्वजारोहण तथा पूजा-अर्चना के साथ होगी. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य आयोजनों का आयोजन किया जाएगा. बैठक में समिति के संरक्षक प्रो. श्याम मुर्मू, सह सचिव रबी चंद मंडी, सुबदा सोरेन, राजेश मुर्मू, बबलू मुंडा, सुनील सिंह, राजेश टुडू, प्रेम मुंडा, सीताराम सोरेन, गोपाल मुर्मू, जगन्नाथ बेसरा सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: देशी पिस्टल के साथ दो अपराधी गिरफ्तार. एक चोरी की अपाची बाइक जब्त