रवि सिन्हा/न्यूज11 भारत
डुमरी/डेस्क: डुमरी के कुलगो में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के सीएसपी संचालक संदीप रविदास पर ग्राहकों ने लाखों रुपए ठगी करने का आरोप लगाया है. जिसको लेकर एसबीआई के ग्राहकों ने डुमरी थाने में एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. वही सीएसपी संचालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने डुमरी थाना के सामने बैनर लेकर प्रदर्शन भी किया है.
इस मामले को लेकर पीड़ित रेखा कुमारी ने अपने आवेदन में लिखा है कि उसके पिताजी मानसिक बीमारी से ग्रसित है और इलाज के लिए अक्सर सीएसपी संचालक के पास पैसा निकासी के लिए जाया करते थे,जहां उसके अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 18 लाख 15 हजार 500 रूपये जमा थे. वहीं निकासी के दौरान संदीप रविदास के मन मे लालच आ गया और उसने रेखा कुमारी के पिताजी को बहला फुसलाकर अलग-अलग चेक के माध्यम से 18 लाख 15 हजार 500 रूपये अलग-अलग तारीखों में निकासी कर लिया है.
जब इस मामले की जानकारी दासो रविदास की बेटी रेखा कुमारी को हुई तो उसने एसबीआई बैंक जाकर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की, जहां उसने अपने आवेदन में उस समय के बैंक प्रबंधक पर भी जांच में सहयोग नहीं करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है. जिसको लेकर रेखा कुमारी ने अपने आवेदन में सीएसपी संचालक संदीप रविदास उसका भाई पत्नी सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर जान से मारने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है.
जबकि पीड़िता ललिता देवी ने अपने आवेदन में लिखा है कि सीएसपी संचालक संदीप रविदास उसके खाते से भी 10 लाख 25 हजार रुपए की फर्जी निकासी की है. इस मामले को लेकर ललिता देवी ने अपने आवेदन में लिखा है कि उसे उसके पति के मौत के बाद एक बीमा कंपनी के द्वारा उसके खाते में 10 लाख 25 हजार रूपये जमा हुए थे. जहां कुछ पैसे की निकासी करने के बाद संदीप कुमार ने उसके खाते में बचे शेष राशि को देखा और उसके मन में लालच की भावना आ गई. जिसके बाद सीएसपी संचालक संदीप रविदास ने ललिता देवी को पहले बहला फुसलाकर और फर्जी तरीके से ललिता देवी के खाते से 10 लाख 25 हजार निकाल लिया. वही जब पैसे की मांग ललिता देवी के द्वारा की गई तो उसे भी जान से मारने की धमकी और छेड़छाड़ करने का आरोप ललिता देवी ने लगाया है. जिसको लेकर ललिता देवी ने भी डुमरी थाने में एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
हालांकि इस पूरी घटना में बताया जा रहा है कि सीएसपी संचालक संदीप रविदास ऐसे कई ग्राहकों से लगभग करोड़ों रुपए की ठगी का आरोप लगा है. फिलहाल सभी भुक्तभोगियों ने डुमरी थाना के सामने प्रदर्शन कर उसकी गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं आवेदक मिलने के बाद डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार ने कहा कि भुक्तभोगियों का आवेदन थाने को मिला है फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. बहरहाल मामला चाहे जो भी हो यह पूरा पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है क्योंकि किसी बैंक के भी ग्राहक भरोसे के साथ सीएसपी संचालकों के पास जाकर अपने पैसे की निकासी करते हैं ऐसे मामले आने के बाद लोगों में सीएसपी संचालकों से भरोसा उठता जा रहा है.
यह भी पढ़ें: वोट के समय पैर छुए, अब कीचड़ में पैर रखने से कतराते नेता, अवसाने गांव की जमीनी हकीकत