मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में बुधवार को खलारी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक में रेलवे एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में अपराध नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा तथा गुमशुदा एवं भटके हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की.
बैठक में खलारी स्टेशन में पदस्थापित आरपीएफ प्रभारी एस.पी. मिश्रा, टीआई उमेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर मुकेश कुमार सिंह, चीफ सुपरवाइजर हेम लाल यादव, चीफ क्रू कंट्रोलर सुबोध कुमार, प्लेटफॉर्म स्टॉल प्रभारी मदन शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान स्टेशन एवं उसके आसपास होने वाली आपराधिक घटनाओं, छिनतई, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया. अधिकारियों ने कहा कि विशेष रूप से रात के समय ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर तथा बाहरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
गुमशुदा एवं घर से भटके बच्चों की सुरक्षा को बैठक की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया. अधिकारियों ने बताया कि अक्सर घर से भागे या भटके हुए बच्चे ट्रेन के माध्यम से दूसरे शहरों की ओर चले जाते हैं. ऐसे में यदि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म या ट्रेनों के आवागमन के दौरान कोई बच्चा अकेला, असहाय या संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई देता है, तो उसे तत्काल सुरक्षित संरक्षण में लेकर स्थानीय थाना को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं.
बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा गया कि सूचना मिलते ही बच्चे का सत्यापन कर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया जाए, ताकि उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाया जा सके. साथ ही रेलवे और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने खलारी रेलवे स्टेशन को सुरक्षित, अपराधमुक्त और यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: खलारी में बारिश से कच्ची सड़कें बदहाल, ग्रामीणों ने मुखिया के कार्यों पर उठाए सवाल