दफादार चौकीदार पंचायत

दफादार चौकीदार पंचायत शाखा के जिला अध्यक्ष शमसुल अंसारी एवं वैद्य हाफिज अंसारी को किया गया सम्मानित

रांची के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य समारोह में हुए सम्मानित

By : Ark Sahuliyar
दफादार चौकीदार पंचायत शाखा के जिला अध्यक्ष शमसुल अंसारी एवं वैद्य हाफिज अंसारी को किया गया सम्मानित

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
रांची के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य "बिरसा मुंडा रत्न 2026 सम्मान समारोह" में लोहरदगा जिले की दो प्रमुख हस्तियों दफादार चौकीदार पंचायत शाखा के जिला अध्यक्ष शमसुल अंसारी एवं प्रसिद्ध पारंपरिक जड़ी-बूटी चिकित्सक वैद्य हाफिज अंसारी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों के लिए "बिरसा मुंडा रत्न 2026" सम्मान से सम्मानित किया गया. यह सम्मान समाज सेवा, जनहित के कार्यों, सामाजिक जागरूकता तथा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया. समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ. कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, वहीं झारखंड की सुप्रसिद्ध लोक गायिका सुषमा नाग ने भगवान बिरसा मुंडा पर आधारित गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समारोह को आकर्षक बनाया. कार्यक्रम में झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा से आए समाजसेवी, चिकित्सक, शिक्षाविद, साहित्यकार, कलाकार, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया. 

मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना दूसरों को भी सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करता है. समारोह में रांची विधायक सी.पी. सिंह, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, पद्मश्री मधु मंसूरी, वरिष्ठ अधिवक्ता सच्चिदानंद, डीडीसी रांची मुमताज़ अंसारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सम्मान प्राप्त करने के बाद शमसुल अंसारी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति और अधिक समर्पण एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा. वहीं वैद्य हाफिज अंसारी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पारंपरिक जड़ी-बूटी चिकित्सा और वर्षों से जनसेवा की उस परंपरा का सम्मान है, जो लोगों के विश्वास और सेवा भावना पर आधारित है. दोनों सम्मानित हस्तियों ने इस उपलब्धि को लोहरदगा जिले के लोगों और अपने सहयोगियों को समर्पित करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया.