प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह रेलवे क्लब की जर्जर सड़क की समस्या को लेकर समाजसेवी श्यामली शर्मा की लगातार पहल आखिरकार रंग लाई. वर्ष 2025 की दुर्गा पूजा से ही श्यामली शर्मा इस समस्या को लेकर धनबाद मंडल के डीआरएम से ट्वीट के माध्यम से लगातार शिकायत और सड़क निर्माण की मांग करती रही थीं. इस दौरान उन्हें कई बार सड़क निर्माण का आश्वासन भी मिला, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं होने के बाद उन्होंने ईसीआरकेयू के शाखा सचिव सह बरवाडीह रेलवे क्लब के सचिव सुनील सिंह से मुलाकात कर पूरी समस्या से अवगत कराया. श्यामली शर्मा ने बताया कि बरवाडीह रेलवे क्लब में धनबाद डिवीजन के प्रमुख दुर्गा पूजा आयोजनों में से एक पूजा आयोजित होती है. पूजा के दौरान हजारों श्रद्धालु रेलवे क्लब पहुंचते हैं. जर्जर और खराब सड़क के कारण पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की जा रही थी, लेकिन आश्वासन के बावजूद काम नहीं होने से समस्या बनी हुई थी.
वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए ईसीआरकेयू शाखा सचिव सह रेलवे क्लब के सचिव सुनील सिंह ने रेल अधिकारियों से संपर्क कर सड़क निर्माण की पहल शुरू की. उन्होंने वरीय मंडल अभियंता समन्वयक आदित्य प्रकाश समेत रेलवे के कई वरीय अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रेलवे क्लब की जर्जर सड़क की समस्या से अवगत कराया. इसके बाद रेलवे क्लब परिसर की जर्जर सड़क का पीसीसी निर्माण कराया गया. सड़क निर्माण होने के बाद स्थानीय लोगों और पूजा समिति से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है. समाजसेवी श्यामली शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने का उद्देश्य तभी सफल होता है, जब समस्या का समाधान धरातल पर दिखाई दे. उन्होंने सड़क निर्माण में सहयोग के लिए ईसीआरकेयू शाखा सचिव सुनील सिंह एवं संबंधित रेल अधिकारियों के प्रति आभार जताया. वहीं, सुनील सिंह ने कहा कि रेलवे क्लब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंचते हैं. ऐसे में सड़क की खराब स्थिति लंबे समय से चिंता का विषय थी. रेल अधिकारियों के सहयोग से सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.