प्रभात कुमार/न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जमशेदपुर जिला निष्कासन (तड़ीपार) के आदेश के बावजूद चोरी-छिपे जमशेदपुर में प्रवेश करने के आरोप में पुलिस ने कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह उर्फ दाना को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वह साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर के पास अपने साथी अपराधियों के साथ मिलकर किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहा था.पुलिस को 2 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारी थाना के CCA Case No. 89/24-25 के तहत झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(3)(a) में जिलाबदर किया गया राजकुमार सिंह उर्फ दाना काशीडीह में मौजूद है. सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साकची थाना पुलिस की टीम गठित की गई.
छापेमारी दल में साकची थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक गोपाल कृष्ण यादव, पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अविनाश उरांव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. टीम ने काशीडीह से सीतारामडेरा की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित पुल के समीप छापेमारी कर राजकुमार सिंह उर्फ दाना को गिरफ्तार कर लिया.पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जिलाबदर होने के बावजूद चोरी-छिपे जिले में प्रवेश करने की बात स्वीकार की. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार सिंह के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं और इन मामलों में उसके खिलाफ आरोप-पत्र भी दाखिल किया जा चुका है.