न्यूज़11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: सिमडेगा जिले के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्ग, दिव्यांग एवं अन्य सभी नागरिक अब अपनी समस्याएं बिना जिला मुख्यालय आए सीधे एसपी सिमडेगा के समक्ष ई जनसंवाद के माध्यम से बता सकते हैं. इस सुविधा का लाभ लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति को एक दिन पहले प्रभारी जन-शिकायत कोषांग नंबर 9263693966, टोल फ्री नंबर 18003455023 अथवा फोन नंबर 06525-273122 पर संपर्क कर अपना नाम, पता एवं मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा. साथ ही, यदि सम्भव हो तो शाम 5:00 बजे तक अपना आवेदन एसपी सिमडेगा के व्हाट्सएप नंबर 9431116444 या प्रभारी जन-शिकायत कोषांग के मोबाइल नंबर 9263693966 पर भेजना होगा.
एसपी सिमडेगा ने जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस सुविधा की जानकारी दें. आवेदक अपने निकटतम थाना/ओपी में तैनात सामुदायिक पुलिसिंग पदाधिकारी के सहयोग से स्वयं निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:30 बजे सीसीटीएनएस प्रणाली द्वारा वर्चुअल माध्यम से एसपी सिमडेगा के समक्ष अपनी समस्या बता सकेंगे. तथा संबंधित समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु वर्चुअल माध्यम से संबंधित थाना/ओ.पी. प्रभारी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्याओं का निष्पादन करने हेतु निर्देशित किया जाएगा. सभी समस्याओं का निष्पादन बिना विलंब के निर्धारित समय-सीमा के अंदर सुनिश्चित किया जाएगा. जन-शिकायत कोषांग द्वारा प्रत्येक शिकायत का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा तथा शिकायतों के निष्पादन की साप्ताहिक समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे.
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिमडेगा जिले के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता से मुक्त कर उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है. इससे आमजन का समय, यात्रा व्यय तथा आर्थिक संसाधनों की बचत होगी. वर्तमान में धान रोपनी के मौसम को देखते हुए यह पहल विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि किसान एवं ग्रामीण नागरिक अपने दैनिक कृषि कार्यों को प्रभावित किए बिना अपने निकटवर्ती थाना/ओ.पी. के द्वारा वर्चुअल माध्यम से सीधे पुलिस अधीक्षक महोदय के समक्ष अपनी समस्याएँ बता सकेंगे. प्राप्त समस्याओं एवं आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा.