प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: आदर्शनगर–छिपादोहर मुख्य मार्ग पर बाढ़ के पानी से सड़क और पुलिया का गार्डवाल बह जाने के बाद बाधित आवागमन को तत्काल बहाल कराने की पहल की गई. लोगों की परेशानी को देखते हुए स्थानीय समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर क्षतिग्रस्त हिस्से में भराव कराया, जिसके बाद रास्ते से आवागमन शुरू हो गया. समाजसेवी कमलेश सिंह की पहल पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू और व्यवसायी प्रदीप मेहता ने ट्रैक्टर के माध्यम से क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी व अन्य सामग्री गिरवाई. इसके बाद कमलेश सिंह ने जेसीबी लगाकर भराव वाले हिस्से को समतल कराया. रास्ता चालू होने से ग्रामीणों, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी राहत मिली है.
बाढ़ के बाद सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण इस मार्ग पर आवागमन में लोगों को काफी परेशानी हो रही थी. ऐसे में स्थानीय स्तर पर की गई इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की है. इधर, विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए तत्काल आवागमन बहाल कराना जरूरी था. विधायक प्रतिनिधि और सहयोगियों ने तत्परता दिखाते हुए अस्थायी व्यवस्था कर लोगों को राहत पहुंचाई है. उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हिस्से का स्थायी समाधान कराया जाएगा.
सड़क और पुल के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी अब निविदा की बारी - विधायक
विधायक ने बताया कि सड़क और पुल के स्थायी निर्माण को लेकर आवश्यक प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है. अब निविदा की प्रक्रिया बाकी है. जल्द ही निविदा निकाली जाएगी, जिसके बाद सड़क और पुल का स्थायी निर्माण कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करने की जरूरत है. तत्काल राहत पहुंचाने के लिए उन्होंने विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू समाजसेवी कमलेश सिंह और व्यवसायी प्रदीप मेहता के प्रयास की सराहना की. रास्ता बहाल होने से फिलहाल लोगों को राहत मिली है, वहीं स्थायी निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी से ग्रामीणों में भी उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा.
यह भी पढ़ें: गांडेय में दो अवैध आरा मिलों पर वन विभाग की कार्रवाई, मशीनें व लकड़ी जब्त